शामली: उत्तर प्रदेश के शामली में बुधवार शाम हरियाणवी गायक और यूट्यूबर अंकित बालियान की जिम के बाहर गोली मारकर हत्या कर दी गई। 32 वर्षीय अंकित पर अज्ञात हमलावरों ने करीब 18 राउंड फायरिंग की। सिर और पेट समेत शरीर में पांच गोलियां लगने के बाद वह गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़े। पुलिस उन्हें अस्पताल ले गई, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
स्कॉर्पियो में घुसकर बदमाशों ने की ताबड़तोड़ फायरिंग
वारदात बुधवार शाम करीब 7 बजे आर्यपुरी नाला पटरी स्थित जिम के बाहर हुई। बताया जा रहा है कि चार हमलावर पहले से ही वहां घात लगाकर अंकित के बाहर आने का इंतजार कर रहे थे। जैसे ही वह जिम से बाहर निकले और अपनी स्कॉर्पियो में बैठने लगे, हमलावरों ने गोलियां चलानी शुरू कर दीं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अंकित ने बचने का प्रयास किया और गाड़ी की दूसरी तरफ से अंदर जाने की कोशिश की, लेकिन हमलावरों ने स्कॉर्पियो का दरवाजा खोलकर लगातार फायरिंग कर दी। इसके बाद चारों आरोपी पैदल मौके से फरार हो गए।
मां बेटे का सिर गोद में लेकर सड़क पर बैठीं
अंकित की हत्या की खबर फैलते ही परिजनों और ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। परिजनों और ग्रामीणों ने दिल्ली-मुजफ्फरनगर रोड पर वर्मा मार्केट तिराहे के पास सड़क जाम कर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की। घटनास्थल से करीब 50 मीटर दूर बड़ी संख्या में लोग जुट गए। रिपोर्ट के मुताबिक, अंकित की मां बेटे का सिर अपनी गोद में रखकर सड़क पर बैठी रहीं और रोते हुए कहती रहीं कि उनका बेटा सो रहा है।
जिला पंचायत चुनाव लड़ने की कर रहे थे तैयारी
अंकित बालियान के बारे में बताया गया है कि वह जिला पंचायत चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहे थे। हालांकि, उनकी हत्या के पीछे की वजह अभी स्पष्ट नहीं हुई है। अंकित हरियाणवी गीतों के लिए लोकप्रिय थे। उनका जन्म शामली में हुआ था और वह हरियाणा के सोनीपत में रहते थे। पिछले कुछ महीनों से वह परिवार के साथ अपने गांव में रह रहे थे।
हत्या से करीब एक घंटे पहले इंस्टाग्राम पर डाला था वीडियो
अंकित ने घटना से करीब एक घंटे पहले शाम 6 बजे इंस्टाग्राम पर एक वीडियो साझा किया था। इसमें वह कार में बैठकर ‘मर्डर मार दे सड़क के ऊपर’ गीत गाते नजर आए थे। इसके कुछ ही देर बाद जिम के बाहर उनकी हत्या कर दी गई।
गानों में अक्सर गन कल्चर का करते थे जिक्र
अंकित अपने गीतों में हथियारों और गन कल्चर का जिक्र करने के लिए भी जाने जाते थे। उनका गीत ‘भरी कोर्ट में गोली मारेंगे’ 15 फरवरी 2023 को जारी हुआ था, जिस पर बाद में प्रतिबंध लगा दिया गया था। इसके बाद वह हरियाणवी संगीत जगत में और चर्चा में आए। वर्ष 2023 में शामली में निकाले गए उनके रोड शो ने भी सुर्खियां बटोरी थीं।
सीसीटीवी फुटेज से हमलावरों की पहचान में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस अधीक्षक समेत बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों को घटनास्थल पर तैनात किया गया। अधिकारियों ने आक्रोशित भीड़ को समझाकर स्थिति सामान्य कराने का प्रयास किया। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से कारतूस के खोखे भी बरामद किए हैं। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगालकर हमलावरों की पहचान करने में जुटी है। फिलहाल हत्या की वजह और आरोपियों के बारे में जांच जारी है।
